Rajeev Namdeo Rana lidhorI

रविवार, 1 सितंबर 2024

चलित पुस्तकालय पहुंचा वर्मा डांग

चलित पुस्तकालय पहुंचा वर्मा डांग
दिनांक-31-8-2024
झलकियां
*मोबाइल लाइब्रेरी पहुंची ग्राम- वर्माडांग*
============================

             बच्चो को प्रोत्साहित करने के लिए, उन्हें शिक्षा, सामान्य ज्ञान, स्वास्थ्य व पर्यावरण का महत्व बताने के लिए उन्हें रचनात्मक, सृजनात्मक कार्यों से जोड़ने के लिए शासकीय जिला पुस्तकालय द्वारा संचालित मोबाइल लाइब्रेरी दिनांक 31.08.2024 को ग्राम वर्माडांग पहुंची. माध्यमिक शाला वर्माडांग के लगभग 60 विद्यार्थियों के बीच चलित पुस्तकालय ने अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक व सामान्य ज्ञान संबंधी गतिविधियां संचालित की.
           लाइब्रेरी टीम द्वारा छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त करने के पश्चात उन्हें भारत और विश्व के मुख्य सामान्य ज्ञान से परिचित कराया गया. बच्चों से सामान्य ज्ञान संबंधी प्रश्न भी पूछे गए. छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए. टीम लाइब्रेरी ने बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु सामान्य ज्ञान की अनिवार्यता से परिचित कराया. 
               शिक्षाविद श्री राम गोपाल रैकवार द्वारा ग्लोब व विभिन्न मैप के सहारे महाद्वीप, महासागर, अक्षांश, देशांतर, दिन-रात, सूर्य ग्रहण, चंद्र ग्रहण और दिशाओं के बारे में विस्तार से छात्र छात्राओं को बताया गया. शुद्ध वाचन भी कराया गया और अल्पविराम, पूर्णविराम, प्रश्नवाचक, विस्मय बोधक चिन्ह के बारे में विस्तार से छात्र-छात्राओं को बताया गया.
               विचारों मे रचनात्मक व सृजनात्मक भाव लाने की दृष्टि से बच्चों को चित्र देकर उसे देखकर कहानी या कविता बनाकर सुनाने को कहा गया. बच्चों ने चित्र देखकर अपने मन से छोटी-छोटी कहानियां बनाई और सुनाई. समसामयिक विषय, अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रम, जलवायु परिवर्तन, सामाजिक सौहार्द्र पर बच्चों से चर्चा की गई. बच्चों ने आनंद पूर्वक इन चर्चाओं में भाग लिया.
            साहित्यकार श्री राजीव नामदेव ने लुप्त होती बुंदेली के विभिन्न शब्दों, प्रथा, परंपराओं के बारे में बच्चों को बताया और उनसे प्रश्न पूछे, छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक उत्तर दिए.
            मोबाइल लाइब्रेरी टीम की सदस्या डॉक्टर विनीता नाग ने बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया और सही तरीके से हाथ धोने की विधि बताई. डॉ विनीता नाग ने विभिन्न बीमारियों के कारण और उनसे बचाव के उपाय भी छात्र-छात्राओं को बताएं.
             चलित पुस्तकालय में मंच प्रस्तुति का कार्यक्रम भी रखा गया जिसमें बच्चों ने देश प्रेम से ओतप्रोत कविताएं, गीत, कहानियां, बुंदेली लोकगीत की प्रस्तुतियां दी.
              अंत में चलित पुस्तकालय की गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को जिला पुस्तकालय टीकमगढ़ की ओर से प्रमाण पत्र, पेन, पेंसिल का वितरण कर पुरस्कृत किया गया. 
               दो घंटे तक संचालित हुई चलित पुस्तकालय की गतिविधियों का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ. पुस्तकालय अध्यक्ष विजय मेहरा द्वारा स्कूल स्टाफ को शाला पुस्तकालय की गतिविधियों को नियमित संचालित करने का सुझाव दिया गया. 
           ग्राम वर्माडांग मे चलित पुस्तकालय की गतिविधियो के दौरान माध्यमिक शाला वर्माडांग की शिक्षिका श्रीमती उर्मिला लकड़ा, शिक्षक श्री राम लखन सिंह, श्री सत्येंद्र सिंह, श्री पुष्पेंद्र सिंह बुंदेला, श्री बृजेश कुमार झा, श्री पुष्पेंद्र सिंह उपस्थित रहे. गांव के सम्माननीय श्री देवेंद्र सिंह बुंदेला एवं श्री कन्हैया लाल तिवारी भी चलित पुस्तकालय की गतिविधियों के दौरान उपस्थित रहे.

बहुत बहुत धन्यवाद🙏🙏
श्री रामगोपाल रैकवार जी
श्री राजीव नामदेव राना लिधौरी' जी
डॉ. विनीता नाग मेम

@mehra
GDL Tikamgarh

1 टिप्पणी:

Anshu ने कहा…

Wow very interesting work